Asian Games: भारत के खाते में सीजन का पहला गोल्ड, विमेंस क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रनों से हराया

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हरा दिया। इसी के साथ भारत के खाते में सीजन का पहला गोल्ड आ गया है। यह लगातार दूसरी बार है जब भारत ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। मंगलवार को खेले गए फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 147 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर सिमट गई। भारत ने इससे पहले साल 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीता था।

भारत की जीत की नींव बल्लेबाजों ने मजबूत स्कोर खड़ा करके रखी थी। उस दौरान टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 79 रन की शानदार पारी खेली थी। जबकि, शेफाली वर्मा ने टीम के लिए 48 रन बनाए थे। दोनों ने पारी की शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े थे। मंधाना ने अपनी पारी के दौरान विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हजार रन भी पूरे कर लिए हैं। इसके बाद ऋचा घोष ने तेजी से रन जुटाते हुए नाबाद 49 रन बनाए और भारत के स्कोर को 216 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

यह भी पढ़ें:सागर जहरीली शराब कांड मामले में बड़ा एक्शन, बंडा थाने का पूरा स्टाफ लाइन अटैच

भारत का 216 रन का स्कोर एशियन गेम्स में उसकी महिला क्रिकेट टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, कविशा दिलहारी और चामुडी प्रभोदा को एक-एक विकेट मिला। हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों के सामने श्रीलंकाई गेंदबाजों को लगातार दबाव में रहना पड़ा था।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पूरी श्रीलंकाई टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई थी। कप्तान चामरी अटापट्टू 29 रन के साथ टीम की टॉप स्कोरर रही। उन्होंने टीम के लिए 21 गेंदों में 29 रन बनाए थे। वहीं, कौशिनी नुथ्यांगना ने 14 और कविशा दिलहारी ने 11 रन बनाए थे। जबकि, श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके थे।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में वेयरहाउस में छात्रा से गैंगरेप, काम का बहाना देकर किया दुषकर्म, दो आरोपियों पर FIR दर्ज

भारतीय गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा सबसे प्रभावी रही थी। उन्होंने टीम के लिए तीन विकेट हासिल किए। टीम के गेंदबाज शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लेकर श्रीलंका की पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ने दिया था। जीत पर मुहर गेंदबाज श्रेयंका पाटिल ने लगाई। उन्होंने फुल और स्टंप्स की लाइन पर गेंद डाली जिस पर कौशानी नुथ्यांगना आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश में चूक गई। जिसके बाद गेंद सीधे मिडिल स्टंप पर जा लगी और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। इसके साथ ही भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर तिरंगा लहराकर जीत का जश्न मनाया।

फाइनल के अलावा तीसरे स्थान के मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, महिला क्रिकेट में स्वर्ण पदक मिलने के बाद एशियन गेम्स 2026 की भारतीय पदक तालिका में एक और इजाफा हुआ है। भारत के खाते में अब तक 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज समेत कुल 7 पदक हो गए हैं।

यह भी पढ़ें:भोपाल के तरावली गांव में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 15 हजार किलो लाहन और 275 लीटर कच्ची शराब जब्त