कालकाजी में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप, आरोपी का एनकाउंटर

पुलिस पर फायरिंग की, हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली; जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी

दिल्ली। नई दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने मंगलवार सुबह एक आरोपी आसिफ को साउथ ईस्ट दिल्ली में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने तीन राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारी। घायल आसिफ को AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

मंदिर में दर्शन के बाद पार्क गई थी नाबालिग

पुलिस के अनुसार, नाबालिग सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। इसके बाद दोनों करीब 7:30 बजे गेट नंबर-7 से आस्था कुंज पार्क में गए। इसी दौरान तीन युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया।

शिकायत के मुताबिक, युवकों ने नाबालिग और उसके दोस्त को धमकाया और दोनों को अलग कर दिया। आरोप है कि आसिफ ने पिस्टल और चाकू दिखाकर नाबालिग को डराया। इसके बाद तीनों आरोपी उसे सुनसान जगह पर ले गए, जहां उसके साथ गैंगरेप किया गया। वारदात के बाद आरोपियों ने धमकी देकर उसे छोड़ दिया।

रात 8:45 बजे पुलिस को मिली सूचना

घटना की सूचना रात करीब 8:45 बजे PCR कॉल के जरिए पुलिस को मिली। अमर कॉलोनी थाने के SHO और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां नाबालिग अपने दोस्त के साथ मिली। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण AIIMS में कराया।

क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल से जरूरी सैंपल और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई थीं।

रोकने पर आरोपी ने पुलिस पर चलाई गोली

जांच के दौरान पुलिस को आसिफ के DM ऑफिस रोड, अमर कॉलोनी के पास होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर तीन राउंड फायर किए। पुलिस के मुताबिक, एक गोली हेड कॉन्स्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।

इसके बाद राजेश ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली आसिफ के दाहिने पैर में लगी। पुलिस ने उसे पकड़कर इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर भेजा।

बाइक और पिस्टल जब्त

एनकाउंटर के बाद क्राइम टीम और FSL टीम ने मौके की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक और पिस्टल बरामद की है। पुलिस बाकी दोनों आरोपियों की तलाश में अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है।

मामले में BNS और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

सितंबर में नाबालिग से रेप का तीसरा मामला

दिल्ली में सितंबर महीने में नाबालिग से रेप का यह तीसरा मामला बताया गया है। 12 सितंबर को स्वरूप नगर में 14 साल की नाबालिग से गैंगरेप के बाद हत्या का मामला सामने आया था। इसके बाद 16 सितंबर को सदर बाजार में 10 साल की बच्ची से रेप की घटना सामने आई थी।