गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। इस साल बाढ़ और इससे जुड़ी घटनाओं में मृतकों की संख्या बढ़कर 82 तक पहुंच गई है, जबकि हजारों लोग अब भी बेघर हैं।
असम डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (ASDMA) के मुताबिक, राज्य में फिलहाल 54 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां करीब 12,994 प्रभावित लोग रह रहे हैं। इसके अलावा 26 राहत वितरण केंद्रों के जरिए 5,384 लोगों तक सहायता पहुंचाई जा रही है।
बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए अभिनेता रणदीप हुड्डा भी असम पहुंचे। उन्होंने शिवसागर में एक NGO की ओर से आयोजित राहत वितरण अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें प्रभावित परिवारों के बीच खाना बांटते और जरूरत का सामान पहुंचाते देखा गया।
रणदीप हुड्डा ने शनिवार को शिवसागर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें राहत सामग्री वितरित की। इसके बाद वह गुरुद्वारा साहिब भी गए, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना की।
मीडिया से बातचीत में रणदीप ने कहा कि शिवसागर रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में कई प्रभावित परिवार पहुंचे हैं। राहत टीम पिछले सात दिनों से लगातार उनके लिए भोजन तैयार कर पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि इंसानियत सबसे बड़ी चीज है और संकट के समय जरूरतमंदों की मदद करना सभी का कर्तव्य है।
अभिनेता ने बताया कि उनकी टीम ने पहले से यह जानकारी जुटाई है कि बाढ़ पीड़ितों को किन चीजों की सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के लिए खाने-पीने की सामग्री, सोने के लिए चटाई, तिरपाल और अन्य जरूरी सामान की किट तैयार की जा रही हैं।
रणदीप ने लोगों से अपील की कि वे अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की मदद करें। उन्होंने कहा कि राहत टीम उन इलाकों तक भी पहुंचने की कोशिश कर रही है, जहां अभी तक सहायता नहीं पहुंच पाई है।
इससे पहले अभिनेता कार्तिक आर्यन ने भी असम के बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 करोड़ रुपये दान किए थे।
