झारखंड से कोरबा आ रही बस पलटी: जशपुर में डायवर्जन पर हुआ हादसा, 10 यात्री घायल; महिला की हालत गंभीर

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। झारखंड के रामगढ़ से कोरबा जा रही श्री जय बालाजी बस डायवर्जन पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 यात्री घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के मुताबिक, श्री जय बालाजी बस (सीजी 14 जी 0170) सुबह यात्रियों को लेकर रामगढ़ से कोरबा के लिए रवाना हुई थी। कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी के पास सड़क निर्माण के चलते बनाए गए डायवर्जन पर बस तेज रफ्तार में पहुंची और चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार एक महिला की हालत गंभीर है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह डायवर्जन पर तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। बस की तकनीकी स्थिति और चालक से भी पूछताछ की जाएगी।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने बस को हटवाकर रास्ता बहाल कराया। प्रशासन ने लोगों से सड़क निर्माण वाले क्षेत्रों और डायवर्जन पर वाहन सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में चलाने की अपील की है।