Vishnu Deo Sai Government:छत्तीसगढ़ में बीते लगभग ढाई वर्षों में शासन और प्रशासन की कार्यशैली में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने ‘सुशासन’ को केवल एक राजनीतिक नारा नहीं रखा, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। करीब 2 वर्ष 4 माह 17 दिन के इस सीमित कार्यकाल में सरकार ने समावेशी विकास का जो खाका तैयार किया है, वह प्रदेश की भावी तस्वीर को स्पष्ट कर रहा है।
किसानों और आदिवासियों को मिला बड़ा संबल
छत्तीसगढ़ की मूल पहचान ‘धान का कटोरा’ के रूप में है, और सरकार के फैसलों में इस पहचान का सम्मान साफ झलकता है।
- किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर तय करने से अन्नदाताओं का आत्मविश्वास बढ़ा है।
- ‘हरा सोना’ कहे जाने वाले तेंदूपत्ता के संग्राहकों के लिए पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा कर दी गई है।
- आदिवासी क्षेत्रों में चरण पादुका वितरण जैसी योजनाओं ने वनवासियों को बड़ी राहत पहुंचाई है।
आवास, महिला सशक्तिकरण और युवाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही विष्णु देव साय ने सबसे पहले 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी, जो बेघर परिवारों को छत मुहैया कराने की दिशा में सबसे बड़ा कदम था। महिला सशक्तिकरण की बात करें तो महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक विवाहित महिलाओं के खातों में हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता भेजी जा रही है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) से जुड़े मामलों की जांच कराकर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई गई है। साथ ही, बस्तर और सरगुजा ओलंपिक के जरिए स्थानीय खेल प्रतिभाओं को नया मंच दिया गया है।
नक्सलमुक्ति का लक्ष्य और सुशासन तिहार
बस्तर जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति बहाली के लिए केंद्र और राज्य सरकार की डबल इंजन सरकार तेजी से काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति के तहत 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है।
प्रशासन को जनता से सीधे जोड़ने और योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक ‘सुशासन तिहार’ मनाया जा रहा है। ‘बगिया के विष्णु’ के रूप में लोकप्रिय मुख्यमंत्री साय ने ईब नदी से लेकर इंद्रावती तक विकास का जो नया रोडमैप तैयार किया है, उससे प्रदेश का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है।
