अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बारिश के दौरान निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण लोगों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लिया है। अंबिकापुर के खरसिया चौक की खराब सड़क का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने इसका संज्ञान लिया और सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क के बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। अधिक यातायात दबाव वाले स्थानों पर पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी कलेक्टरों को सड़क सुरक्षा की निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने सभी जिला कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करने को कहा है। जरूरत पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे और संबंधित विभागों तथा निर्माण एजेंसियों से समन्वय कर तत्काल सुधार कार्य कराएंगे।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जहां सड़क क्षतिग्रस्त हो, जलभराव हो या पुल-पुलिया के आसपास कटाव के कारण दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी की जाए।
साय ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सड़क खराब होने के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्थायी निर्माण में बारिश के कारण देरी संभव होने पर भी गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी जैसे अंतरिम कार्य प्राथमिकता से किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, पीडब्ल्यूडी, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी की हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग से समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान कराए। बारिश के बाद स्वीकृत और निर्माणाधीन सड़कों के काम में तेजी लाकर उन्हें तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
