फुटबॉल खेल रहे बच्चों के बीच आया हाथी, बॉल पर लगाई किक

दिल्ली। असम के गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ से जंगली हाथी का अनोखा वीडियो सामने आया है। यहां एक हाथी हरे-भरे मैदान में फुटबॉल खेलता नजर आया। वह दौड़-दौड़कर बॉल पर किक लगा रहा था। मैदान से कुछ दूरी पर खड़े बच्चे हाथी को फुटबॉल खेलते देखते रहे। इस दौरान किसी ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामला रविवार का बताया जा रहा है। नुमालीगढ़ के बोगीधला खेल मैदान में कुछ बच्चे फुटबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी मैदान में पहुंच गया। हाथी के मैदान में आते ही बच्चों ने वहां से भागकर दूरी बना ली।

इसके बाद हाथी ने मैदान में पड़ी फुटबॉल को अपने कब्जे में ले लिया और उससे खेलने लगा। वह कभी बॉल को सूंड से आगे बढ़ाता तो कभी उसे पैर से किक मारता नजर आया। कुछ बच्चों ने दूर से हाथी को भगाने की कोशिश भी की, लेकिन वह मैदान से नहीं हटा और काफी देर तक बॉल के साथ खेलता रहा।

तीन दिन पहले गले में फंसा था ट्रैक्टर का टायर

नुमालीगढ़ में ही तीन दिन पहले एक अन्य हाथी का वीडियो वायरल हुआ था। शुक्रवार को एक जंगली हाथी के गले में ट्रैक्टर का टायर फंसा मिला था। टायर के कारण हाथी काफी परेशान नजर आया और रिहायशी इलाके में भी घूमता दिखाई दिया।

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने हाथी की तलाश शुरू की। उसकी लोकेशन पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली गई। लोकेशन मिलने के बाद टीम हाथी तक पहुंची और काफी मशक्कत के बाद देर रात उसके गले से टायर निकाल दिया।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने नुमालीगढ़ क्षेत्र में इंसानों और हाथियों के बीच बढ़ते संपर्क को भी सामने ला दिया है। वन विभाग जंगली हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।