अमिताभ और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी, गोल्डी ढिल्लों के नाम से पोस्ट वायरल

सोशल मीडिया पोस्ट में बुलेटप्रूफ सुरक्षा का भी जिक्र; 1984 के सिख दंगों को लेकर की गई टिप्पणी के बाद दोनों अभिनेताओं को निशाना बनाने की बात कही गई

दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक पोस्ट वायरल हो रहा है।

इसमें दोनों अभिनेताओं को निशाना बनाने की बात कही गई है। पोस्ट में लिखा गया है कि वे कितनी भी बुलेटप्रूफ सुरक्षा ले लें, उन्हें मार दिया जाएगा। हालांकि, पोस्ट की प्रामाणिकता और धमकी के पीछे की सच्चाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का भी जिक्र

वायरल पोस्ट में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की कार्रवाई का उल्लेख किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि पुलिस ने मुंबई से विकास ठाकुर और दीपक सिंह नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पोस्ट में कहा गया है कि इन दोनों को किसी दूसरे गैंग से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

इसमें 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए दोषियों को माफ नहीं करने की बात कही गई है। साथ ही सिख समुदाय के खिलाफ बोलने वालों से दुनिया के किसी भी देश में हिसाब लेने की धमकी दी गई है। इसी पोस्ट के अंत में अमिताभ और अभिषेक बच्चन का नाम लेकर उन्हें निशाना बनाने की बात लिखी गई है।

बुलेटप्रूफ केबिन का भी किया उल्लेख

पोस्ट में अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले जलसा के बाहर बने बुलेटप्रूफ केबिन का जिक्र किया गया है। अमिताभ हर रविवार अपने घर के बाहर प्रशंसकों से मिलते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर उनके लिए ग्लास केबिन बनाया गया है। हाल के दिनों में अभिषेक भी इस दौरान पिता के साथ नजर आए हैं।

जलसा के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई

रिपोर्ट के मुताबिक, अमिताभ के बंगले के आसपास हथियारबंद पुलिसकर्मियों की तैनाती, बैरिकेडिंग और हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इलाके में वाहनों की पार्किंग और फोटो-वीडियो बनाने पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं। वायरल पोस्ट के बाद बच्चन परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।