दिल्ली। राजस्थान के भरतपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वत के मामले में पकड़े गए पंचायत समिति भुसावर के असिस्टेंट इंजीनियर के घर तलाशी ली। कार्रवाई में 43 लाख 38 हजार 500 रुपए नकद, 20 किलो चांदी की सिल्लियां और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। ACB अब बरामद संपत्ति और नकदी के स्रोत की जानकारी जुटा रही है।
भरतपुर ACB चौकी की टीम ने 14 सितंबर को असिस्टेंट इंजीनियर गोविंद प्रसाद को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा था। वह भरतपुर के वैर क्षेत्र का रहने वाला है। ठेकेदार की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई थी।
बिल पास करने के बदले मांगी थी रिश्वत
ACB के मुताबिक, एक ठेकेदार ने शिकायत की थी कि बिल पास करने के बदले असिस्टेंट इंजीनियर उससे रिश्वत मांग रहा है। शिकायत का सत्यापन कराया गया। आरोप सही पाए जाने के बाद ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की और गोविंद प्रसाद को 30 हजार रुपए लेते पकड़ लिया।
दो दुकानों और जयपुर के मकान के दस्तावेज मिले
भरतपुर ACB के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एएसपी अमित सिंह की टीम ने आरोपी के घर तलाशी ली। इस दौरान 43 लाख 38 हजार 500 रुपए नकद और 20 किलो चांदी की सिल्लियां मिलीं।
इसके अलावा हिंडौन कस्बे में स्थित दो दुकानों, जयपुर के मानसरोवर इलाके में हाउसिंग बोर्ड के मकान और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। ACB इन संपत्तियों की जानकारी जुटाकर उनकी वैधता और स्रोत की जांच कर रही है।
नकदी और चांदी की जांच जारी
ACB अधिकारियों के अनुसार, रिश्वत के मामले में कार्रवाई के बाद आरोपी की संपत्ति की भी जांच की जा रही है। घर से मिली नकदी, चांदी और प्रॉपर्टी के दस्तावेजों के संबंध में संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति के स्रोत और मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
