11 गेंद खेल लीं और खाता तक नहीं खुला, टी20 में बॉल पर बल्ला लगाना हुआ मुश्किल

नई दिल्ली।

भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही अपनी कसी हुई गेंदबाजी के दबाव में रखा। इस मुकाबले में जिम्बाब्वे की पारी की शुरुआत बेहद धीमी रही जिससे भारतीय गेंदबाजों का दबदबा साफ नजर आया।

11 गेंद तक नहीं खुला खाता

मैच की सबसे ध्यान खींचने वाली बात जिम्बाब्वे की ओपनिंग बल्लेबाज केलीस एंडलोवू की बेहद धीमी बल्लेबाजी रही। एंडलोवू क्रीज पर काफी देर तक टिकने के बावजूद रन बनाने के लिए तरसती नजर आईं। उन्होंने 11 गेंदों का सामना किया लेकिन अपना खाता तक नहीं खोल सकीं और बिना कोई रन बनाए (0) आउट होकर पवेलियन लौट गईं।

नंदनी शर्मा का कमाल

भारतीय तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ से एंडलोवू को लगातार परेशान किया। लगातार डॉट गेंदे खेलने के दबाव में आकर एंडलोवू चकमा खा गईं और नंदनी शर्मा ने उन्हें बोल्ड करके पवेलियन का रास्ता दिखाया। नंदनी ने अपने स्पेल की बेहतरीन शुरुआत करते हुए केवल 9 रन देकर 1 महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।एंडलोवू के शून्य पर आउट होने के बाद जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी बैकफुट पर आ गई और भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में रनों की गति पर पूरी तरह लगाम कस दी। पावरप्ले के दौरान भारतीय गेंदबाजी आक्रमण ने जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का कोई मौका नहीं दिया।

पहले मैच में जीता भारत

सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराकर 1-0 की बढ़त बनाई थी। पहले मैच में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 114 रन बनाए थे जिसमें नंदनी शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 11 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे। जवाब में 115 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया था और टीम ने 19 रन पर ही 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद दीप्ति शर्मा की 49 रनों की संयमित पारी और डेब्यूडेंट निकी प्रसाद के नाबाद 39 रनों की बदौलत भारत ने 15.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 116 रन बनाकर मैच जीत लिया था।