हैदराबाद एयरपोर्ट पर 1.56 करोड़ की विदेशी करेंसी जब्त, महिला समेत 2 गिरफ्तार

कपड़ों के बीच काले प्लास्टिक कवर में छिपाए थे डॉलर और मलेशियाई रिंगिट; कुआलालंपुर जाने वाले थे दोनों यात्री

दिल्ली। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने करीब 1.56 करोड़ रुपए की विदेशी करेंसी जब्त की है। मामले में एक पुरुष और एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया गया है। दोनों 22 अक्टूबर को हैदराबाद से मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर जाने वाली फ्लाइट से यात्रा करने वाले थे।

DRI की हैदराबाद जोनल यूनिट ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान पुरुष यात्री के ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच काले प्लास्टिक कवर में छिपाकर रखे गए अमेरिकी डॉलर और मलेशियाई रिंगिट मिले। जब्त करेंसी की कीमत करीब 63.62 लाख रुपए आंकी गई।

महिला के बैग से मिले 97,600 अमेरिकी डॉलर

पुरुष यात्री से पूछताछ के दौरान अधिकारियों को पता चला कि उसी फ्लाइट में एक महिला यात्री भी यात्रा करने वाली है। महिला का टिकट अलग पीएनआर (PNR) पर बुक था। इसके बाद अधिकारियों ने उसके सामान की जांच की।

महिला के ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच काले प्लास्टिक कवर में छिपाकर रखे गए 97,600 अमेरिकी डॉलर मिले। इनकी भारतीय मुद्रा में कीमत करीब 91.94 लाख रुपए बताई गई।

करेंसी के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके यात्री

DRI के मुताबिक, दोनों यात्रियों से विदेशी करेंसी की खरीद और उसे ले जाने से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों यात्रियों के पास से जब्त विदेशी मुद्रा की कुल कीमत करीब 1.56 करोड़ रुपए है। एजेंसी मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विदेशी करेंसी कहां से लाई गई थी और इसे मलेशिया ले जाने के पीछे क्या उद्देश्य था।