चाय दुकान में सो रहे पति की गोली मारकर हत्या, भाग रही पत्नी की आंख में दागीं 2 गोलियां

बिहार के नवगछिया में डबल मर्डर से सनसनी, दो दिन पहले लापता हुई थी परिवार की ढाई साल की बच्ची; आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों का हंगामा

नवगछिया। बिहार के भागलपुर जिले के पुलिस जिला नवगछिया में गुरुवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के हटिया की है।

मृतकों की पहचान दुकानदार रंजन और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पहले पति को मारी गोली, फिर पत्नी को दौड़ाकर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, रंजन और किरण देवी अपनी दुकान में सो रहे थे। इसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने बिस्तर पर सो रहे रंजन को गोली मार दी। पति को खून से लथपथ देखकर किरण देवी जान बचाने के लिए भागने लगीं। लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और उन्हें पकड़कर आंख में नजदीक से दो गोलियां मार दीं। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी भी मौके पर मौत हो गई।

पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने जताया विरोध

दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही इस्माईलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस के साथ सहायक पुलिस अधीक्षक सैयम रजा घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू की और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित लोगों ने शवों को उठाने का विरोध किया। ग्रामीणों की मांग है कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

दो दिन से लापता है ढाई साल की बच्ची

घटना के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि रंजन के भाई की ढाई साल की बेटी पल्लवी कुमारी दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बच्ची की तलाश में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब परिवार के दो सदस्यों की हत्या से लोगों का गुस्सा बढ़ गया है।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। डॉग स्क्वॉड और तकनीकी जांच की मदद भी ली जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे संभावित रंजिश समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल वारदात के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।