आग का असर पड़ा ह्यूंडई के मुनाफे पर, जून तिमाही में 35% गिरावट; शेयरों में फिर भी आई तेजी

नई दिल्ली। ह्यूंडई मोटर इंडिया को वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में बड़ा झटका लगा है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 35 प्रतिशत घटकर 889 करोड़ रुपये रह गया। मुनाफे में गिरावट की मुख्य वजह एक सप्लायर की फैक्ट्री में लगी आग, उत्पादन में आई रुकावट और पश्चिम एशिया संकट के कारण निर्यात में कमी रही।

सप्लायर की फैक्ट्री में आग से उत्पादन प्रभावित

कंपनी ने बताया कि उसके एक प्रमुख सप्लायर की फैक्ट्री में आग लगने के कारण चेन्नई संयंत्र में अस्थायी रूप से उत्पादन प्रभावित हुआ। इस वजह से जून महीने में करीब 13,900 वाहनों का उत्पादन नहीं हो सका। हालांकि 22 जून के बाद उत्पादन पूरी तरह सामान्य हो गया है और कंपनी को अगले क्वार्टर में इसकी भरपाई की उम्मीद है।

कमाई और ऑपरेटिंग मुनाफे में भी गिरावट

जून तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व मामूली घटकर 16,334 करोड़ रुपये रहा। वहीं EBITDA 31 प्रतिशत गिरकर 1,511.7 करोड़ रुपये पर आ गया और ऑपरेटिंग मार्जिन भी पिछले साल के मुकाबले कम हुआ।

घरेलू बाजार ने दिया सहारा

निर्यात पर पश्चिम एशिया संकट का असर पड़ा, लेकिन भारतीय बाजार में कंपनी की बिक्री मजबूत रही। क्रेटा, वेन्यू, एक्सटर जैसी एसयूवी और अन्य मॉडलों की अच्छी मांग के चलते घरेलू बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे कंपनी को कुछ राहत मिली।

खराब नतीजों के बावजूद शेयर चढ़े

कमजोर तिमाही नतीजों के बावजूद निवेशकों ने कंपनी पर भरोसा बनाए रखा। ह्यूंडई का शेयर दिन के कारोबार में बढ़त के साथ बंद हुआ। कंपनी के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग ने भरोसा जताया कि उत्पादन सामान्य हो चुका है, मांग मजबूत बनी हुई है और नए मॉडल लॉन्च के दम पर कंपनी अगले क्वार्टर में बेहतर प्रदर्शन करेगी।