सेंट्रल जेल में उम्रकैदी ने जलती भट्ठी में कूदकर दी जान, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। डबल मर्डर के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे चांपा निवासी राहुल कंवर उर्फ विकेश ने जेल परिसर में स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

राहुल वर्ष 2014 से बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसने अचानक गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में छलांग लगा दी। इस प्लांट में लकड़ियों से गैस तैयार की जाती है, जिसका उपयोग कैदियों का भोजन बनाने के लिए किया जाता है।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और जेल प्रशासन यह भी जांच कर रहे हैं कि हाई सिक्योरिटी जेल में इतनी बड़ी घटना कैसे हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। इस घटना ने एक बार फिर सेंट्रल जेल की सुरक्षा और कैदियों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।