दिल्ली। भारत ने बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर सीरीज में शानदार शुरुआत की। मैच में जसप्रीत बुमराह ने नया रिकॉर्ड बनाया।
उन्होंने अपने वनडे करियर के 150 विकेट पूरे करने के साथ इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया। बुमराह के अब इंग्लैंड में 31 विकेट हो गए हैं।
उन्होंने रविंद्र जडेजा (30 विकेट) का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। वहीं, वनडे में सबसे कम गेंदों में 150 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में बुमराह तीसरे स्थान पर पहुंच गए।
मैच के दौरान कई दिलचस्प नजारे भी देखने को मिले। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी स्टैंड्स में मुकाबला देखने पहुंचे।
इस दौरान पास बैठे एक नन्हे फैन ने उन्हें पॉपकॉर्न ऑफर किया, जिसे धोनी ने मुस्कुराते हुए स्वीकार किया। बाद में उन्होंने बच्चे को इशारे से कहा कि अब वह खुद पॉपकॉर्न खाए। इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इंग्लैंड की पारी में जोस बटलर का कैच लेने के दौरान शुभमन गिल और गुरनूर बरार आपस में टकरा गए। हालांकि बरार ने शानदार कैच लपक लिया और दोनों खिलाड़ियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। बाद में बरार को काफ में तकलीफ होने पर मैदान छोड़ना पड़ा।
भारत की ओर से शुभमन गिल ने शानदार 80 रन बनाए, लेकिन पैर में दर्द के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा। वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद अर्धशतक जमाया और आदिल राशिद की गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई।
गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने एक ही ओवर में आदिल राशिद और जोश टंग को आउट कर इंग्लैंड की पारी 258 रन पर समेट दी। इंग्लैंड के लिए जो रूट ने 76 और लियाम डॉसन ने 68 रन बनाए, लेकिन उनकी पारियां टीम को हार से नहीं बचा सकीं।
