CG Crime News: जांजगीर में कांग्रेस नेता के घर खूनी खेल! एक बेटे की हत्या, दूसरे की हालत गंभीर; रेत माफिया पर शक

Janjgir Champa Crime News

Janjgir Champa Crime News:छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद ही खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में गुरुवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एक कांग्रेस नेता के घर में घुसकर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस दुस्साहसिक हमले में कांग्रेस नेता के बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और खौफ का माहौल है।

शटर खुला था, परिवार को बंधक बनाकर मारी गोली

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज हत्या की वारदात पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष और सीमेंट-रेत कारोबारी सम्मेलाल कश्यप के घर पर हुई।

  • गुरुवार रात करीब 11 बजे बड़ा बेटा आयुष कश्यप जांजगीर से लौटा था, लेकिन गलती से घर का शटर बंद करना भूल गया।
  • रात करीब 12:30 बजे तीन नकाबपोश बदमाश खुले शटर से घर में घुस गए। बदमाशों ने सबसे पहले घर के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई मदद के लिए न आ सके।
  • जैसे ही आयुष फोन उठाने के लिए आगे बढ़ा, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
  • आयुष को दो गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव में छोटे भाई आशुतोष को भी गोली लगी, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
  • मृतक की बहन प्रेरणा कश्यप ने बताया कि कुछ दिन पहले भी अज्ञात युवक गांव में आकर आयुष के बारे में पूछताछ कर रहे थे।

रेत कारोबार से जुड़ा विवाद?

इस नृशंस हत्याकांड के पीछे लूटपाट से ज्यादा ‘सुपारी किलिंग’ और आपसी रंजिश की बू आ रही है। मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप ने खुद इस घटना के पीछे रेत माफिया (Sand Mafia) के विवाद की आशंका जताई है। उनका कहना है कि इलाके में अवैध रेत खनन का काम चल रहा है। बड़ा बेटा आयुष हाल ही में इस व्यवसाय में उतरा था, जो उनके प्रतिद्वंदियों को रास नहीं आ रहा था।

पुलिस की जांच और गांव का खौफनाक इतिहास

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और साइबर टीम मौके पर पहुंच गई हैं। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं, स्थानीय विधायक ब्यास कश्यप और बालेश्वर साहू ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

आपको बता दें कि करही गांव में यह इस साल की चौथी बड़ी आपराधिक वारदात है। इससे पहले भी यहां रेत और अवैध शराब से जुड़े हिंसक मामले सामने आ चुके हैं, जिसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।