रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से सरगुजा जिले की गंभीर श्वसन रोग से पीड़ित मासूम रेणुका खलखो को उपचार के लिए बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में परिजनों द्वारा सहायता के लिए आवेदन किए जाने के बाद मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 95,500 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
राज्य नोडल एजेंसी द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार यह राशि झारखंड के रांची स्थित रानी हॉस्पिटल में रेणुका के उपचार के लिए उपलब्ध कराई गई है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह सहायता इलाज की राह आसान बनाने वाली साबित हुई है।
मासूम के परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली आर्थिक मदद से उनकी बेटी के बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे इलाज में धन की कमी बाधा नहीं बन रही।
गौरतलब है कि बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी केंद्र बनकर उभरा है। यहां प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई कर स्वास्थ्य सहायता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शीघ्र पहुंचाया जा रहा है।
शेयर करें
