सेवा सेतु पोर्टल से 5 दिन में बना विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र, तहसील के चक्कर से मिली राहत

सुकमा के चिड़पाल निवासी मनीराम समरथ ने ऑनलाइन किया था आवेदन, समय पर दस्तावेज मिलने से हुए खुश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासकीय दस्तावेज बनवाने की प्रक्रिया आसान हो रही है। ग्राम चिड़पाल निवासी मनीराम समरथ को आवेदन करने के महज पांच दिनों के भीतर विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र मिल गया।

कम समय में प्रमाण पत्र उपलब्ध होने से उन्हें राहत मिली। अब जरूरी दस्तावेज के लिए लंबे समय तक इंतजार करने और तहसील कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की परेशानी भी कम हो रही है।

मनीराम समरथ को अपने व्यक्तिगत काम के लिए विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ तहसील कार्यालय तोंगपाल में सेवा सेतु पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन मिलने के बाद संबंधित प्रक्रिया पूरी की गई और पांच दिनों के भीतर उन्हें प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इससे उनका काम तय समय में पूरा हो गया।

ऑनलाइन प्रक्रिया से आसान हुआ काम

प्रमाण पत्र मिलने पर मनीराम समरथ ने खुशी जताई। उन्होंने बताया कि पहले शासकीय दस्तावेज बनवाने में अधिक समय लगने की चिंता रहती थी। इस बार सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने पर काम आसानी से और कम समय में पूरा हो गया। उन्होंने त्वरित सेवा के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सुकमा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों को मिल रही सुविधा

सेवा सेतु अभियान के तहत नागरिकों को जरूरी शासकीय सेवाएं सरल और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। ऑनलाइन आवेदन और समय पर निराकरण की व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल रही है।

खासकर दूरस्थ गांवों में रहने वाले नागरिकों के लिए यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो रही है। इससे प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में लगने वाला समय कम करने और सरकारी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने में मदद मिल रही है।