दिल्ली। राजस्थान में बारिश का दौर थमते ही गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया है। जैसलमेर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि बीकानेर और बाड़मेर में पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया।
सितंबर के आखिरी दिनों में भी लोगों को मई जैसी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले 4-5 दिन मौसम शुष्क रहने और तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। जोधपुर, जयपुर, अजमेर और पिलानी समेत कई शहरों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
यूपी में 41 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के लखनऊ और उन्नाव में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई। कई इलाकों में सड़क और गलियों में पानी भर गया। सीतापुर में चौका नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल के आसपास पानी भर गया है।
खेतों में पानी पहुंचने से किसान धान की पकी फसल बचाने में जुटे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 41 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस मानसूनी सीजन में यूपी में अब तक सामान्य से 6% कम बारिश हुई है। पश्चिमी यूपी से अगले 2-3 दिनों में मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है।
MP के 3 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश में जबलपुर संभाग के छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में बुधवार को भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश में अब तक औसतन 34.2 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश का 91.5% है। इसे सामान्य से कम बारिश की श्रेणी में रखा गया है। अगले चार दिनों में कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है।
बिहार के 38 जिलों में यलो अलर्ट
बिहार में बुधवार को पूरे राज्य में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सभी 38 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
केदारनाथ में पारा -3°
उत्तराखंड के सात जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश की संभावना है। केदारनाथ में बुधवार सुबह तापमान -3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। वहीं, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और केरल के कुछ हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी है।
