टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग केस में सभी आरोपियों पर MCOCA

वसूली और दहशत फैलाने के लिए बनाया था निशाना; 11 आरोपी गिरफ्तार, अब जमानत मिलना होगा मुश्किल

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) लगाया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वसूली करने, गैंग का दबदबा बढ़ाने और लोगों में दहशत फैलाने के लिए टाइगर को निशाना बनाया था। इस कानून के तहत आरोपियों के लिए जमानत हासिल करना मुश्किल हो सकता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई क्राइम ब्रांच के डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि सक्षम अधिकारी की मंजूरी के बाद संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं जोड़ी गई हैं। 27 अक्टूबर को आरोपियों पर MCOCA की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) लगाई गईं।

इससे पहले 18 अक्टूबर को टाइगर की कार पर फायरिंग हुई थी। अगले दिन पुलिस ने हत्या के प्रयास और साझा मंशा से जुड़े भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रावधानों के साथ आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की थी।

अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार

फायरिंग के बाद फरार हुए फूल सिंह, रेहान अंसारी और ऋतिक महतो को 19 अक्टूबर को कोटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरफ्तार किया गया था। अगले दिन दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कथित हथियार सप्लायर राधा वर्मा, बबीता राव, कुणाल और सुमित सरोलिया को पकड़ा।

इसके बाद कथित तौर पर लॉजिस्टिक मदद और फंडिंग करने के आरोप में सरपंच खटक उर्फ अंकित, समीर खत्री और जतिन पंचाल को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया। प्रांजल ठकराल को इंदौर से पकड़ा गया। इस तरह मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 11 हो गई है।

लॉरेंस गैंग से कनेक्शन की जांच

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की जांच में आरोपियों के लॉरेंस गैंग से संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि फायरिंग का मकसद वसूली के जरिए पैसा कमाना और गैंग का खौफ बढ़ाना था। मामले में जांच जारी है और पुलिस ने आगे भी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई है।