दिल्ली। सिंगर मीका सिंह ने दिलजीत दोसांझ के बॉलीवुड फिल्मों के प्रमोशन को लेकर सवाल उठाए हैं। मीका ने कहा कि दिलजीत ने फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को पर्याप्त प्रमोट नहीं किया, जबकि उन्होंने उस फिल्म के बारे में पोस्ट किया था, जिसमें पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर नजर आई थीं। हालांकि, दिलजीत ‘बॉर्डर 2’ का फर्स्ट लुक, ट्रेलर और शूटिंग से जुड़े कुछ BTS वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर चुके हैं।
टाइम्स नाउ से बातचीत में मीका ने कहा कि उन्हें दिलजीत से कोई जलन नहीं है। उन्होंने उनकी सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि दलेर मेहंदी के बाद पगड़ी पहनकर किसी सिंगर ने अपनी अलग पहचान बनाई है तो वह दिलजीत हैं।
बोले- ‘बॉर्डर 2’ का एक प्रतिशत भी प्रमोशन नहीं किया
मीका ने कहा कि वह गलत हो सकते हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज के दौरान दिलजीत ने फिल्म का एक प्रतिशत भी प्रमोशन नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि दिलजीत ने सनी देओल के साथ काम करने को लेकर सार्वजनिक तौर पर ज्यादा बात नहीं की।
मीका के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ देश से जुड़ी बड़ी फिल्म है, इसलिए कलाकारों को उसका प्रमोशन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह ये बातें दिलजीत को भाई की तरह कह रहे हैं।
‘सरदार जी 3’ को लेकर भी उठाया मुद्दा
मीका ने दिलजीत की फिल्म ‘सरदार जी 3’ का भी जिक्र किया। फिल्म में दिलजीत और नीरू बाजवा के साथ पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर थीं। मीका ने कहा कि दिलजीत ने इस फिल्म को लेकर पोस्ट किया, लेकिन नीरू बाजवा का उतना जिक्र नहीं किया।
हानिया आमिर की मौजूदगी के कारण ‘सरदार जी 3’ विवादों में रही थी। भारत में यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हुई और 27 जून 2025 को विदेशों में रिलीज की गई थी।
बोले- खालिस्तानियों के विरोध के समय दिलजीत का साथ दिया
मीका ने कहा कि जब खालिस्तान समर्थक लोगों ने दिलजीत का विरोध किया था, तब उन्होंने उनका समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि दिलजीत देश का नाम रोशन कर रहे हैं और पंजाबी म्यूजिक को नई ऊंचाई पर ले जा रहे हैं।
मीका ने बताया कि दिलजीत करियर के शुरुआती दिनों में उनसे मिलने आए थे। उन्होंने यह भी कहा कि दिलजीत की टीम ने कई बार उनके लोखंडवाला स्थित स्टूडियो का इस्तेमाल रिकॉर्डिंग के लिए किया था।
पाकिस्तान में परफॉर्म करने पर भी दी सफाई
मीका ने 2019 में कराची में एक निजी शादी में परफॉर्म करने को लेकर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वह वीजा लेकर पाकिस्तान गए थे और उस समय दोनों देशों के रिश्ते सामान्य थे। मीका ने कहा कि वह चोरी-छिपे पाकिस्तान नहीं गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान में सिखों के प्रमुख धार्मिक स्थल होने के कारण उनका वहां भावनात्मक जुड़ाव है।
