अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश, बोले- अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
रायपुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सोमवार को अंबिकापुर स्थित अपने निवास पर आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे मंत्री के सामने रखे। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का जल्द और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान मंत्री ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि जनदर्शन जैसे कार्यक्रम जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनका समाधान तेजी से किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर संतोष जताया। साथ ही शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए दिए गए निर्देशों की सराहना करते हुए जनदर्शन व्यवस्था को आम जनता के लिए उपयोगी पहल बताया।
