दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, वाराणसी समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण दशाश्वमेध घाट की कई सीढ़ियां जलमग्न हो गई हैं। सुरक्षा को देखते हुए गंगा आरती अब घाट की ऊपरी सीढ़ियों पर कराई जा रही है। प्रयागराज में भी प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे नहीं जाने की अपील की है।
वहीं, मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर समेत 44 जिलों में शनिवार के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झांसी में महज 15 मिनट की बारिश के बाद तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
दूसरी ओर राजस्थान में मानसून अभी भी कमजोर बना हुआ है। राज्य में अब तक सामान्य से 21 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, लेकिन भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो प्रेशर एरिया और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। गुजरात के कई इलाकों में भी इसका असर देखने को मिला है।
उधर, अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में अपर सुबनसिरी जिले के 35 गांव फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड से प्रभावित हुए हैं। राज्य में अब तक 1.13 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं।
जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने पर सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं, जबकि बिहार के बगहा, बेतिया समेत पांच जिलों में भी आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मानसून के सक्रिय बने रहने की संभावना है।
