अविश्वास प्रस्ताव पर बोले सीएम साय- सरकार नहीं, जनता के जनादेश के खिलाफ है यह प्रस्ताव

विधानसभा में गिनाईं ढाई साल की उपलब्धियां, कहा- सुशासन, विकास और विश्वास की नई इबारत लिख रही सरकार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देते हुए कहा कि यह प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के जनादेश और विश्वास के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव और नगरीय निकाय चुनावों में जनता ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है। पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने अधिकांश वादों को धरातल पर उतारा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, महिलाओं, गरीबों, युवाओं और आदिवासियों के कल्याण को सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, दो साल का बोनस, महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को 18,800 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन जैसी योजनाएं सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।

उन्होंने बताया कि 10.40 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

सीएम साय ने कहा कि राज्य में नई औद्योगिक नीति के तहत 8.23 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे लाखों रोजगार सृजित होंगे। ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं और सिंचाई के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

सेवा सेतु, ई-डिस्ट्रिक्ट, ऑटो म्यूटेशन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 जैसी पहल से प्रशासन अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा और विकास की दोहरी रणनीति से प्रदेश में शांति का वातावरण बना है। खनिज प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, जनजातीय विकास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी और जनता का विश्वास ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।