स्पंज आयरन फैक्ट्री की भट्टी में धमाका: 5 मजदूर गंभीर घायल, 8-10 के फंसे होने की आशंका

दिल्ली। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया इलाके में शुक्रवार देर रात एक स्पंज आयरन फैक्ट्री की भट्टी (फर्नेस) में जोरदार विस्फोट हो गया।

धमाके के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और फैक्ट्री में फंसे लोगों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

घायल मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जामुड़िया थाना प्रभारी सौमेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि अब तक पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट के समय भट्टी के पास कितने कर्मचारी मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि फर्नेस का तापमान सामान्य होने और क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही फैक्ट्री के भीतर सर्च ऑपरेशन शुरू किया जा सकेगा।

वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के बाद से 8 से 10 मजदूर लापता हैं और उनके फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की आशंका है। हालांकि प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री के आसपास स्थित कई घरों में दरारें पड़ गईं।

पुलिस और प्रशासन विस्फोट के कारणों की जांच में जुट गए हैं। राहत एवं बचाव अभियान जारी है और लापता मजदूरों की तलाश के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।