नई दिल्ली। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 जून तक 22 राज्यों में पहुंच चुका है, लेकिन पिछले पांच दिनों से इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून फिलहाल मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आगे नहीं बढ़ पा रहा है। हालांकि, 5 जुलाई तक इसके देश के शेष राज्यों को भी कवर करने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के कई इलाकों में फिलहाल प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है।
बारिश के बीच कई राज्यों में हादसे भी सामने आए हैं। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में उफनते पुल को पार करते समय ट्रैक्टर नदी में बह गया, जिसमें चालक लापता है।
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो सगी बच्चियों की मौत हो गई, जबकि सुकमा में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की जान चली गई और चार लोग घायल हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है। वहीं बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
दूसरी ओर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और गुजरात के कई शहरों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। राजस्थान के फलोदी में सबसे अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा है कि मानसून के आगे बढ़ने के साथ अगले कुछ दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन कई इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
