बेंगलुरु। बेंगलुरु के एक 5-स्टार होटल में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कमरे के अंदर दो बच्चियों के शव बेड पर मिले। बच्चियों की उम्र 10 और 5 साल बताई जा रही है। दोनों के पिता गंभीर हालत में कमरे के टॉयलेट में मिले। पुलिस के मुताबिक, पिता ने कथित तौर पर दोनों बेटियों की गला घोंटकर हत्या की और इसके बाद चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की।
घटना की जानकारी होटल स्टाफ को सोमवार शाम करीब 4 बजे मिली। बताया गया कि स्टाफ कमरे की सफाई के लिए पहुंचा था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर कर्मचारियों ने कमरे में प्रवेश किया। अंदर बेड पर दोनों बच्चियों के शव पड़े मिले, जबकि उनके पिता टॉयलेट में गंभीर हालत में मिले। होटल सिक्योरिटी ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, 40 वर्षीय एसजी इमरान रविवार शाम अपनी दोनों बेटियों के साथ होटल में चेक-इन हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने के शक को लेकर परेशान था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इमरान ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर कहा कि वह नहीं चाहता था कि उसकी बेटियां ऐसी मां के साथ बड़ी हों, इसलिए उसने दोनों बच्चों और खुद को खत्म करने का फैसला किया।
हत्या के बाद खुदकुशी की कोशिश
डीसीपी जीके मिथुन कुमार के मुताबिक, इमरान ने बच्चियों की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब होटल के CCTV फुटेज, कमरे से मिले सबूतों और परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पत्नी से जुड़े शक और घटना के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस परिवार से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि होटल पहुंचने से पहले पिता और बच्चियों के बीच क्या हुआ था।
