पुणे। पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ में आवारा कुत्तों के झुंड ने चार साल की बच्ची पर हमला कर दिया। चिखली इलाके में रविवार दोपहर हुई इस घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर पर 80 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं। बच्ची के हाथ और जांघ पर भी चोटें आई हैं। घटना का CCTV फुटेज मंगलवार को सामने आया है।
बच्ची के पिता गिरधर मिश्रा के मुताबिक, उनकी बेटी घर से पास के पेड़ से कुछ पत्तियां लेने के लिए निकली थी। जैसे ही वह पेड़ के पास पहुंची, वहां मौजूद कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया। बच्ची ने कुत्तों को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन दो कुत्तों ने उस पर हमला कर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद पांच अन्य कुत्ते भी उसके पास पहुंच गए और उसे काटने-नोंचने लगे।
बताया जा रहा है कि करीब 43 सेकेंड तक बच्ची कुत्तों के झुंड से घिरी रही। इस दौरान वह मदद के लिए चीखती रही। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाया। इसके बाद लोगों ने घायल बच्ची को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया।
CCTV फुटेज में बच्ची को कुत्तों से बचने के लिए भागते और फिर जमीन पर गिरते देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने से खतरा लगातार बना हुआ है। बच्ची के पिता ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
कल्याण में 7 घंटे में 130 लोगों को काटा
महाराष्ट्र के कल्याण में भी रविवार को आवारा कुत्ते ने करीब 7 घंटे के दौरान 130 लोगों पर हमला कर दिया। इनमें सड़क पर चल रहे लोग, बाइक सवार और ऑटो यात्री शामिल थे। 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 11 साल की बच्ची को मुंबई के सायन अस्पताल रेफर किया गया। स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। अधिकारियों ने कुत्ते के पकड़े जाने की पुष्टि नहीं की है।
