PM को अपशब्द कहने वाली नाबालिग पर नहीं होगी कार्रवाई, माफी के बाद दिल्ली पुलिस ने लिया फैसला

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाली नाबालिग लड़की के मामले में दिल्ली पुलिस ने आपराधिक कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से माफ किए जाने के बाद लड़की के खिलाफ आगे कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

दरअसल, नोएडा की रहने वाली नाबालिग लड़की का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती नजर आई थी। इस मामले में नोएडा पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जीरो एफआईआर दर्ज की थी।

मामले के सामने आने के बाद 1 अगस्त की रात लड़की का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उसने अपने बयान के लिए माफी मांगी। वीडियो में उसने कहा कि वह केवल 15 साल की है और यह उसकी पहली व आखिरी गलती थी। उसने बताया कि वह किसी के बहकावे में आ गई थी और हाथ जोड़कर अपने बयान के लिए माफी मांगी।

पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 23 जुलाई को हुई, जब जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शन के दौरान लड़की का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करती दिखाई दी थी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

30 जुलाई को गाजियाबाद की वकील स्मृति सिंह चंदेल की शिकायत पर नोएडा एक्सप्रेसवे थाने में लड़की के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस जांच शुरू हुई।

31 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए बच्चों की गलतियों को सुधारने का मौका देने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि गुमराह बच्चों को सही रास्ता दिखाने और उन्हें माफ करने की जरूरत है।

इसके बाद पुलिस ने नाबालिग की उम्र और प्रधानमंत्री की ओर से दिए गए संदेश को देखते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का निर्णय लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अब कानूनी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।