दिल्ली में आधी रात NSUI का हंगामा, विनोद जाखड़ समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में

दिल्ली। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रस्तावित तिरंगा रैली से पहले गुरुवार देर रात विरोध प्रदर्शन को लेकर हंगामा हो गया। पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर NSUI कार्यकर्ताओं ने अपने साथियों से कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर धरना दिया। इस दौरान पुलिस ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

NSUI का आरोप है कि 10 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान उसकी दो महिला कार्यकर्ताओं अथिरा और रितु के साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की थी। इसी मामले में संगठन के नेता शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस अधिकारी FIR दर्ज करने में सहयोग नहीं कर रहे हैं।

जाखड़ बोले- न्याय मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन

NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की, लेकिन शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि FIR दर्ज कराना उनका संवैधानिक अधिकार है। धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क भी रोक दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

जाखड़ के मुताबिक, बुधवार को संगठन के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की थी, लेकिन संबंधित DCP से बातचीत नहीं हो सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की ओर से सहयोग नहीं मिल रहा है और मामले में अलग-अलग जवाब दिए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष को जबरन ले जाने का आरोप

NSUI ने आरोप लगाया कि हिरासत में लेते समय पुलिसकर्मियों ने विनोद जाखड़ को जबरन घेरकर ले जाने की कोशिश की। संगठन का दावा है कि इस दौरान उनकी शर्ट गले में कसने से दबाव की स्थिति बन गई। NSUI ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि किसी भी अनहोनी के लिए पुलिस जिम्मेदार होगी।

यह घटनाक्रम CJP की शुक्रवार को कनॉट प्लेस में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले सामने आया है। NSUI ने स्पष्ट किया है कि महिला कार्यकर्ताओं से कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज होने और न्याय मिलने तक उसका प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल, आरोपों पर दिल्ली पुलिस का विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है।