28 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट: पहाड़ों पर बर्फबारी, दक्षिण में तेज बारिश; छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में गरज-चमक

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून की विदाई के बीच बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर रह सकता है।

मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 7 अक्टूबर को कई जगह गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 9 अक्टूबर तक और छत्तीसगढ़ में 10 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। विदर्भ में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

बिहार-झारखंड और बंगाल में बारिश

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भी बारिश की संभावना है। बिहार में आंधी और बिजली के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर बना रह सकता है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश जारी

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 अक्टूबर को कई जगह बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 11 अक्टूबर तक, जबकि अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।

महाराष्ट्र-गोवा में भी बारिश

पश्चिमी भारत में कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने के बाद 11-12 अक्टूबर के आसपास बारिश की संभावना बन रही है।

दक्षिण भारत में ज्यादा सक्रिय रहेगा मौसम

दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में बारिश का दौर बना रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना है। केरल में भी 9-10 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र और रायलसीमा में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की गतिविधियां संभावित हैं।