मुंबई। साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अनुपमा परमेश्वरन ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसने उनके प्रशंसकों को चिंता में डाल दिया है। एक इंटरव्यू में अभिनेत्री ने खुलासा किया कि एक रिश्ते के दौरान उन्हें इतना मानसिक तनाव झेलना पड़ा कि उनकी सेहत बुरी तरह प्रभावित हो गई। उन्हें पैनिक अटैक, एंग्जायटी और ब्लैकआउट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
धन्या वर्मा को दिए एक इंटरव्यू में अनुपमा ने बताया कि वह पहले बेहद खुशमिजाज और सामान्य जीवन जीने वाली लड़की थीं, लेकिन एक रिश्ते ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने कहा कि उस दौरान उन्हें बार-बार पैनिक अटैक आते थे और कई बार उनकी हालत इतनी खराब हो जाती थी कि वह बेहोश हो जाती थीं।
अभिनेत्री ने बताया कि तनाव का असर उनकी शारीरिक सेहत पर भी दिखाई देने लगा था। उनका वजन तेजी से कम होने लगा था और कई बार वह ठीक से खाना भी नहीं खा पाती थीं। उन्होंने कहा कि जब भी रिश्ते से जुड़ी कोई बात उन्हें परेशान करती थी, उनकी एंग्जायटी बढ़ जाती थी और उन्हें उल्टी तक होने लगती थी।
अनुपमा ने बताया कि तनाव का असर उनकी आंखों पर भी पड़ा। उनकी दाहिनी आंख लगातार फड़कने लगी थी और कई बार शूटिंग तक रोकनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि उनकी आंख की लैक्रिमल ग्लैंड में सूजन आ गई और बाद में उन्हें सर्जरी करानी पड़ी।
अभिनेत्री ने यह भी खुलासा किया कि वह हर रात घंटों रोती थीं, लेकिन अगले दिन उन्हें काम पर लौटना पड़ता था। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनके साथ किसी तरह की शारीरिक हिंसा नहीं हुई थी।
अनुपमा ने अपने इंटरव्यू में उस व्यक्ति का नाम नहीं लिया, जिसके साथ वह रिश्ते में थीं। हालांकि, सोशल मीडिया पर कई लोग अभिनेता ध्रुव विक्रम का नाम जोड़ रहे हैं। फिलहाल, अभिनेत्री ने इन अटकलों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उनके इस खुलासे के बाद प्रशंसक सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ और खुश रहने की कामना कर रहे हैं।
