मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 11 अगस्त को कमजोर शुरुआत के बाद गिरावट बढ़ गई। सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा टूटकर 78,150 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 100 अंक से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और यह करीब 24,500 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। बाजार में बैंकिंग और FMCG शेयरों में ज्यादा बिकवाली देखने को मिल रही है।
निवेशकों की नजर आज खुले दो IPO पर भी है। मोलबायो डायग्नोस्टिक्स और धूत ट्रांसमिशन के IPO में 12 अगस्त तक निवेश किया जा सकता है। मोलबायो डायग्नोस्टिक्स IPO के जरिए 939.70 करोड़ रुपए जुटाने की योजना है, जबकि धूत ट्रांसमिशन करीब 3,066.89 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
एशियाई बाजारों में मंगलवार को मिला-जुला रुख रहा। जापान का निक्केई 2.08% की तेजी के साथ 66,970 के स्तर पर रहा। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 0.77% की बढ़त दर्ज हुई। दूसरी ओर हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 0.52% गिरकर 25,791 के स्तर पर कारोबार करता रहा।
इससे पहले सोमवार को अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जोंस 61 अंक, नैस्डैक 85 अंक और S&P 500 करीब 5 अंक नीचे रहा।
FII ने 7 दिन में लगाए 1,494 करोड़
विदेशी निवेशकों ने पिछले सात दिनों में भारतीय शेयर बाजार में 1,494 करोड़ रुपए की खरीदारी की है। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इसी अवधि में 5,842 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। हालांकि, पिछले 30 दिनों में FII/FPI की बिकवाली 5,490 करोड़ रुपए रही है।
