वियतनाम में पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 भारतीयों की मौत, 21 लोगों को बचाया गया

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार सुबह बड़ा नाव हादसा हुआ। समुद्र की तेज लहरों के कारण पलटी नाव में 15 भारतीय पर्यटकों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, 21 बचा लिए गए।

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार सुबह भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक पर्यटन नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अब तक 15 भारतीयों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि, 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। नाव में चार क्रू मेंबर सहित कुल 36 लोग सवार थे। इनमें 32 भारतीय पर्यटक शामिल थे। मृतकों में अधिकांश पर्यटक तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बताए जा रहे हैं।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। नाव फु क्वोक द्वीप के पास स्थित होन मे रुट से पर्यटकों को न्गोआई द्वीप लेकर जा रही थी। गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही तट से करीब 400 मीटर की दूरी पर नाव अचानक पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि समुद्र में उठ रही तेज और ऊंची लहरें हादसे की प्रमुख वजह हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें:MP में 15 हजार पुलिसकर्मियों पर मंडराया डिमोशन का खतरा, पांढुर्णा में 32 हेड कॉन्स्टेबल वापस बने आरक्षक

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में समुद्र की ऊंची लहरें साफ दिखाई दे रही हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कई पर्यटक लाइफ जैकेट पहने हुए नहीं थे। नाव पलटते ही कई लोग उसके नीचे फंस गए। जिसकी वजह से बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। स्थानीय बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू कर 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। जबकि, अन्य यात्रियों की तलाश और राहत कार्य जारी रखा गया।

न्गोआई द्वीप अपने साफ समुद्री पानी, छोटे-छोटे बीच और कोरल रीफ डाइविंग के लिए पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है। यहां पहुंचने के लिए अधिकतर पर्यटक एन थोई बंदरगाह से बोट या स्पीडबोट का उपयोग करते हैं। हादसे के बाद वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। दूतावास ने आपातकालीन सहायता के लिए +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं ताकि जरूरतमंद लोग तत्काल संपर्क कर सकें।

यह भी पढ़ें:दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस में परोसी गई एक्सपायरी ब्रेड, फूड पॉइजनिंग की आशंका से मचा हड़कंप