Chhattisgarh Governor:छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने गुरुवार को रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। लोकभवन में हुई इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने केंद्रीय मंत्री का शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
ग्रामीण विकास योजनाओं की हुई समीक्षा
केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान 13 और 14 मई को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA), प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के क्रियान्वयन को लेकर राज्य स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की।
‘विकसित ग्राम से विकसित भारत’ पहल पर जोर
केंद्रीय राज्य मंत्री ने “वीबी-ग्राम जी” (विकसित ग्राम से विकसित भारत) की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल का भी जिक्र किया। उन्होंने नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित सेमिनार में बताया कि यह नई व्यवस्था 1 जुलाई से देशभर में लागू की जाएगी।
इस व्यवस्था से ग्रामीण विकास योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी बढ़ेगी। इसके साथ ही, मनरेगा और पंचायत के कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, समय पर भुगतान और सामाजिक अंकेक्षण (Social Audit) को और अधिक मजबूती मिलेगी।
लाभार्थियों और स्व-सहायता समूहों से संवाद
अपने दौरे के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और ग्रामीण विकास योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन तथा जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
