नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने के संकेत हैं। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती सिस्टम पूर्वी और दक्षिणी भारत में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की स्थिति बना सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 27 से 29 अक्टूबर के बीच भारी से अत्यधिक भारी बारिश का खतरा है। छत्तीसगढ़, तेलंगाना, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार में भी आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
आंध्र-ओडिशा में चक्रवात का सबसे ज्यादा असर
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम चक्रवाती तूफान में बदल चुका है। इसके 28 अक्टूबर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश में 27 और 28 अक्टूबर को भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में 27 अक्टूबर से बारिश तेज होने और 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है।
समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों के खतरे को देखते हुए मछुआरों को प्रभावित समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में प्रशासन ने भी एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी हैं।
छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में बारिश के आसार
छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर से मौसम बदल सकता है। 28 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ और 29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्यप्रदेश में 28 से 30 अक्टूबर के बीच बारिश का दौर रह सकता है। विदर्भ में भी 28 से 30 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
बिहार, झारखंड और बंगाल में भी बदलेगा मौसम
झारखंड में 28 से 30 अक्टूबर के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। बिहार में 29 अक्टूबर से बारिश बढ़ने और 30 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को भी बारिश का अनुमान है।
दक्षिण भारत में आज भी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु और केरल के कई हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। कर्नाटक के कुछ इलाकों में भी बादल छाने और बारिश होने की संभावना है। मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने के साथ दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में अगले दिनों में बारिश की तीव्रता घट सकती है।
दिल्ली समेत उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में सोमवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है। तेज बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और फसलों को नुकसान का खतरा रह सकता है। समुद्र में जाने वाले मछुआरे आधिकारिक सलाह का पालन करें।
