नशेड़ी पति ने ले ली पत्नी की जान, किया गया गिरफ्तार –

कोरबा।

भैंसामुड़ा गांव में पत्नी की निर्मम हत्या करने वाले पति परदेशी धनुहार को उरगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शराब के नशे में आधी रात को पत्नी से विवाद करने के बाद इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजने से पहले जरूरी औपचारिकतांए की।उरगा थाना के सब इंस्पेक्टर अमर जायसवाल ने बताया कि भैंसामुड़ा गांव में रात्रि 03 बजे यह घटना हुई। अनुसूचित जनजाति बाहुल्य भैंसामुड़ा गांव में रहने वाले आरोपी परदेशी धनुहार के द्वारा 40 वर्षीय पत्नी अघन बाई को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने घरेलू डंडे से पत्नी के सिर,पीठ और अन्य हिस्सों में कई बार चोट पहुंचाई। हमले से महिला काफी देर तक चीखती रही फिर शांत हो गई। घर के कुछ सदस्यों और आसपास के लोगों की नींद घटनाक्रम के दौरान टूट गई लेकिन वे महिला को बचाने के लिए कुछ नहीं कर सके। कुछ देर बाद पुलिस को अवगत कराया गया। आज सुबह पुलिस ने यहां पहुंचकर मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कराया। वहीं आरोपी को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।