आठ सांसदों के निलंबन के विरोध में बुधवार को ज़बरदस्त हंगामा

नई दिल्ली।  विपक्ष के सदस्यों ने कांग्रेस के आठ सदस्यों के बजट सत्र के लिए निलंबन के विरोध में बुधवार को लोकसभा में ज़बरदस्त हंगामा किया जिसके कारण अध्यक्ष ओम बिरला को सदन की कार्यवाही पांच मिनट के भीतर ही 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। श्री बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरु करते हुए खाद्य प्रसंस्करण और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से संबंधित सवालों पर सदस्यों के जवाब विभाग के मंत्री से देने को कहा। इस बीच विपक्ष के सदस्य सदन की बीचों-बीच आकर हंगामा करने लगे।

 

अध्यक्ष ने हंगामे में ही प्रश्न काल को चलाने का प्रयास किया लेकिन विपक्षी सदस्यों ने हंगामा और तेज कर दिया। इस बीच कुछ सदस्यों ने प्रश्न पूछे और उनका जवाब भी आया लेकिन हंगामे और शोर शराबे के कारण कुछ सुनाई नहीं दिया।

हंगामा बढ़ते देख श्री बिरला ने सदस्यों से कहा कि उन्हें सदन के अंदर अच्छा आचरण और व्यवहार करना चाहिए। उनका कहना था कि सदन चलाना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आग्रह कि सदन सबका है इसलिए सदस्यों को गरिमापूर्ण व्यवहार करते हुए सदन चलाने में मदद करनी चाहिए। सदस्यों ने उनकी एक नहीं सुनी और हंगामा करते रहे, जिसके कारण श्री बिरला को 12 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।