‘विकसित भारत’ की तर्ज पर ‘विकसित छत्तीसगढ़’: नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 में सीएम विष्णु देव साय का बड़ा ऐलान

रायपुर: छत्तीसगढ़ अब सिर्फ धान का कटोरा नहीं, बल्कि व्यापार और उद्योगों का नया हब बनने जा रहा है। राजधानी रायपुर के बीटीआई मैदान में कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा आयोजित ‘नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026’ के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह हुंकार भरी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ ‘विकसित छत्तीसगढ़’ की ओर प्रदेश तेजी से कदम बढ़ा रहा है।

व्यापार के लिए अनुकूल माहौल: मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि राज्य में अब कृषि के साथ-साथ उद्योग जगत के लिए भी बेहतरीन वातावरण तैयार हो चुका है। यही वजह है कि देश-विदेश के निवेशक छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

बजट 2026-27 (ज्ञान, गति और संकल्प): वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा पेश किए गए 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये के बजट का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि सरकार के पहले साल की थीम “ज्ञान” (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) थी, दूसरे साल “गति” और इस तीसरे वर्ष की थीम “संकल्प” है।

नक्सलवाद का खात्मा: मुख्यमंत्री ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि जवानों के अदम्य साहस और केंद्र सरकार के नेतृत्व में नक्सलवाद अब अपनी अंतिम सांसें ले रहा है। 31 मार्च 2026 तक पूरे प्रदेश और देश से नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया गया है।

बस्तर और सरगुजा पर फोकस: दशकों तक विकास से अछूते रहे बस्तर (जो केरल से भी बड़ा है) और सरगुजा संभाग को अब नई दिशा मिल रही है। अबूझमाड़ और जगरगुंडा जैसे अति-संवेदनशील इलाकों में ‘एजुकेशन सिटी’ बनाई जा रही है। साथ ही वन उत्पादों (Forest Produce) के वैल्यू एडिशन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

8 लाख करोड़ का निवेश: राज्य को सेमीकंडक्टर और AI जैसे आधुनिक सेक्टर्स सहित अब तक लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं।

पर्यावरण संरक्षण: औद्योगीकरण के साथ-साथ प्रकृति का भी ध्यान रखा जा रहा है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 7 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक राज्य की जीएसडीपी को 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इस विजन में उन्होंने व्यापारी वर्ग की भूमिका को सबसे अहम बताया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी, रायपुर महापौर मीनल चौबे और कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।