F1 ट्रैक पर शाहरुख खान करेंगे खतरनाक एक्शन: 3 दिन के लिए बुक हुआ रेसिंग सर्किट, नवंबर के अंत तक पूरी हो सकती है ‘किंग’ की शूटिंग

मुंबई। शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ में इस बार दर्शकों को उनका बिल्कुल अलग एक्शन अवतार देखने को मिल सकता है। फिल्म के एक बड़े एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग नई दिल्ली के फॉर्मूला वन रेसिंग ट्रैक पर होने की खबर है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने इस खास सीन के लिए तीन दिनों तक पूरा रेसिंग सर्किट बुक किया है। मेकर्स इसे फिल्म के सबसे खास और यादगार दृश्यों में शामिल करने की तैयारी कर रहे हैं।

इंटरनेशनल एक्शन टीम ने तैयार किया सीक्वेंस

रिपोर्ट के अनुसार, सिद्धार्थ आनंद और उनकी इंटरनेशनल एक्शन टीम पिछले कई हफ्तों से इस सीक्वेंस की योजना और कोरियोग्राफी पर काम कर रही थी। इसकी रिहर्सल भी पहले से जारी थी। अब शूटिंग की तैयारी पूरी होने के बाद इसे बड़े स्तर पर फिल्माया जाएगा।

हालांकि, इस सीन में शाहरुख खान किस तरह के स्टंट करते नजर आएंगे और कहानी में इसकी क्या भूमिका होगी, इसका खुलासा नहीं हुआ है। मेकर्स की कोशिश है कि दर्शकों को बड़े पर्दे पर एक्शन का नया अनुभव मिले। फिल्म के कई हिस्सों को वास्तविक लोकेशन पर शूट किया जा रहा है, ताकि दृश्य ज्यादा प्रभावशाली और वास्तविक दिखें।

नवंबर के अंत तक शूटिंग पूरी करने की तैयारी

सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दिल्ली में होने वाला यह सीक्वेंस फिल्म की शूटिंग का आखिरी बड़ा शेड्यूल हो सकता है। मेकर्स नवंबर के अंत तक शूटिंग पूरी करना चाहते हैं। इसके बाद फिल्म के प्रमोशन की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

23 नवंबर को ट्रेलर रिलीज होने की चर्चा

फिल्म के थिएट्रिकल ट्रेलर को लेकर भी चर्चा तेज है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ट्रेलर 23 नवंबर को रिलीज हो सकता है। इसी दौरान फिल्म के गाने भी सामने आने शुरू हो सकते हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

24 दिसंबर को सिनेमाघरों में आ सकती है फिल्म

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग’ की रिलीज डेट को लेकर भी 24 दिसंबर की चर्चा है। हालांकि, इस तारीख पर भी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। फिलहाल फिल्म के एक्शन सीक्वेंस और शाहरुख के नए अंदाज को लेकर फैंस में उत्सुकता बनी हुई है।