रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह अपने तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर रविवार (17 मई 2026) शाम छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंच गए हैं। रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका आत्मीय और भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित कई अन्य मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे।
नवा रायपुर में रात्रि विश्राम और आगामी कार्यक्रम
एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री सीधे नवा रायपुर स्थित मेफेयर होटल के लिए रवाना हो गए, जहां उनका रात्रि विश्राम तय है। उनका यह दौरा राज्य की सुरक्षा और विकास के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।
- डायल-112 का शुभारंभ: 18 मई को अमित शाह डायल-112 सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा रायपुर और जगदलपुर में सुरक्षा व विकास से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
- मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक: 19 मई को अमित शाह बस्तर में आयोजित होने वाली 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे, जहां नक्सलवाद के खात्मे, अंतर-राज्यीय समन्वय और विकास पर हाई लेवल चर्चा होगी।
नक्सल मुक्त भारत का लक्ष्य
बस्तर में इतने बड़े स्तर की बैठक का आयोजन राज्य में शांति की बहाली और नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे सफल अभियानों का प्रतीक है। मुख्यमंत्री साय ने भी स्पष्ट किया कि केंद्र के सहयोग से छत्तीसगढ़ निरंतर शांति, सुशासन और विकास के पथ पर अग्रसर है।
