नई दिल्ली। ऐपल ने मैक यूजर्स के सबसे बड़े और पुराने इंतजार को खत्म करते हुए अपने प्रो लैपटॉप लाइनअप में ऐतिहासिक बदलाव कर दिया है। दरअसल कंपनी ने टच सपोर्ट और बिल्कुल नए PROLED XDR डिस्प्ले के साथ नया MacBook Pro लॉन्च किया है। यह मैकबुक के इतिहास में पहला मौका है जब यूजर्स को टचस्क्रीन अनुभव करने को मिलेगा। नए M5 Pro और M5 Max सिलिकॉन चिप्स से लैस यह लैपटॉप न सिर्फ एक्सट्रीम परफॉर्मेंस और ऑन डिवाइस AI की जबरदस्त ताकत के साथ आता है, बल्कि इसमें डायनामिक आइलैंड और 24 घंटे तक की शानदार बैटरी लाइफ भी मिलती है।
नया मैकबुक प्रो 14.2 इंच और 16.3 इंच के दो मॉडल्स में उतारा गया है, जिनमें टैंडम ओएलईडी तकनीक पर आधारित PROLED XDR डिस्प्ले दिया गया है। यह डिस्प्ले 2000 निट्स की पीक एचडीआर और एसडीआर ब्राइटनेस के साथ आता है। इस डिस्प्ले पर गहरे काले रंग और बारीकियां एकदम साफ नजर आती हैं।
इसमें 120Hz प्रोमोशन रिफ्रेश रेट के साथ P3 और एडोब RGB दोनों कलर स्पेस का सपोर्ट मिलता है, जो फोटोग्राफर्स, डिजाइनर्स और वीडियो एडिटर्स के लिए सटीक कलर ग्रेडिंग को बेहद आसान बनाता है। तेज रोशनी में काम करने के लिए इसमें एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग के साथ नैनो-टेक्सचर ग्लास का ऑप्शन भी मिल जाता है।
पहली बार मिलेगा टचस्क्रीन और डायनामिक आइलैंड
इस नए लैपटॉप की सबसे बड़ी खासियत मैक पर पहली बार दिया गया इन-बिल्ट टचस्क्रीन सपोर्ट है। टच सेंसर सीधे डिस्प्ले पैनल में इंटीग्रेटेड हैं, जिससे लेटेंसी बिल्कुल न के बराबर महसूस होती है।
यूजर्स सीधे स्क्रीन को छूकर वेबपेज स्क्रॉल कर सकते हैं, 3D मॉडल्स को मूव कर सकते हैं, टाइमलाइन कट कर सकते हैं और म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट्स बजा सकते हैं। टच इस्तेमाल करते समय लैपटॉप को स्टेबल रखने के लिए हिंज को भी दोबारा डिजाइन किया गया है।
इसके अलावा, आईफोन की तरह अब मैकबुक में भी डायनामिक आइलैंड का फीचर आ गया है, जहां से स्पॉटलाइट सर्च, लाइव एक्टिविटीज और सिरी AI को स्क्रीन पर एक टैप से कंट्रोल किया जा सकता है।
परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें M5 Pro और M5 Max प्रोसेसर्स प्रो दिए गए हैं। GPU के हर कोर में दिए गए न्यूरल एक्सेलरेटर और थर्ड जेनरेशन रेट्रेसिंग इंजन की बदौलत यह मशीन भारी-भरकम 3D सीन रेंडरिंग, कोडिंग और 8K वीडियो एडिटिंग जैसे कामों को आसानी से कर पाएगी।
M5 Max चिप के साथ सैकड़ों अरबों पैरामीटर्स वाले लार्ज लैंग्वेज AI मॉडल्स को सीधे डिवाइस पर पूरी प्राइवेसी के साथ लोकल तरीके से चलाया जा सकेगा। यह लैपटॉप 128GB तक की यूनिफाइड मेमोरी और 16TB तक के सुपरफास्ट स्टोरेज को सपोर्ट करता है।
डिजाइन में स्लिम और ऑडियो दमदार
पावरफुल होने के बावजूद नया मैकबुक प्रो पहले से काफी पतला और हल्का हो गया है। 14 इंच मॉडल का वजन घटकर लगभग 1.36 किलोग्राम और 16 इंच मॉडल का वजन लगभग 1.81 किलोग्राम रह गया है। इसका नया छह-स्पीकर साउंड सिस्टम 50 प्रतिशत तक गहरा बेस और क्रिस्प क्लैरिटी डिलीवर करता है।
लैपटॉप बंद करके एक्सटर्नल मॉनिटर से कनेक्ट होने पर भी इसका साउंड अपने-आप ट्यून होकर शानदार आउटपुट देता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें तीन थंडरबोल्ट 5 पोर्ट्स, एचडीएमआई, एसडीएक्ससी कार्ड स्लॉट, मैगसेफ, वाई-फाई 7 और ब्लूटूथ 6 जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
वेरिएंट और कीमत
ऐपल ने नए मैकबुक प्रो के प्री-ऑर्डर आज, 28 अक्टूबर से शुरू कर दिए हैं, और इसकी डिलीवरी 9 नवंबर से शुरू होगी। भारतीय बाजार में 14 इंच मैकबुक प्रो M5 Pro वेरिएंट की शुरुआती कीमत 3,49,900 रखी गई है, जो एजुकेशन डिस्काउंट के साथ स्टूडेंट्स और शिक्षकों के लिए 3,31,900 में उपलब्ध है।
वहीं, बड़े डिस्प्ले वाले 16 इंच मैकबुक प्रो M5 Pro मॉडल का बेस प्राइस 4,09,900 तय किया गया है, जो कि एजुकेशन ऑफर के साथ 3,85,900 रुपये में उपलब्ध होगा।
अल्ट्रा परफॉर्मेंस चाहने वालों के लिए M5 Max चिप से लैस 14 इंच वाले मॉडल की शुरुआती कीमत 5,49,900 है। इस लाइनअप के सबसे प्रीमियम 16 इंच मैकबुक प्रो M5 Max मॉडल की कीमत 5,89,900 है।
