लॉन्च होते ही फोल्डेबल iPhone Duo में आई दरार, कीमत 4.5 लाख रुपये

दिग्गज टेक कंपनी एपल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन आईफोन डुओ को लेकर बड़ी परेशानी सामने आई है। इस फोन की इनर डिस्प्ले में टूटने और क्रैक पड़ने की शिकायतें मिल रही हैं। हैरानी की बात यह है कि कुछ यूजर्स के मुताबिक, फोन को पहली बार खोलने और इस्तेमाल करने के कुछ ही समय बाद स्क्रीन खराब हो गई। इस बीच एपल ने भी कुछ यूनिट्स में डिस्प्ले से जुड़ी समस्या आने की बात स्वीकार की है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, फोन की स्क्रीन में सबसे ज्यादा दिक्कत उस हिस्से में देखने को मिल रही है, जहां से स्मार्टफोन बीच में फोल्ड होता है। इसे सेंट्रल हिंज कहा जाता है। कई यूजर्स ने शिकायत की है कि फोन की इनर स्क्रीन इसी जगह से टूट रही है या उसमें दरारें दिखाई दे रही हैं।

एपल ने मानी डिस्प्ले में खराबी की बात
इस मामले पर एपल ने सोमवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कंपनी को आईफोन डुओ की कुछ यूनिट्स की अंदरूनी डिस्प्ले में आ रही समस्या की जानकारी है। कंपनी के मुताबिक, यह परेशानी सीमित संख्या में फोन में सामने आई है।

एपल ने प्रभावित ग्राहकों को राहत देने के लिए खराब फोन के बदले नया डिवाइस देने की बात कही है। यानी जिन यूजर्स के फोन में यह समस्या मिलेगी, कंपनी उन्हें रिप्लेसमेंट उपलब्ध कराएगी।

7.6 इंच की बड़ी स्क्रीन, कीमत 4.5 लाख रुपये तक
आईफोन डुओ को एपल के अब तक के सबसे बड़े डिस्प्ले वाले आईफोन के तौर पर पेश किया गया है। इसमें बाहर की तरफ 5.4 इंच का कवर डिस्प्ले दिया गया है, जबकि फोन खोलने पर 7.6 इंच की बड़ी इनर स्क्रीन मिलती है।

कीमत की बात करें तो यह एपल का अब तक का सबसे महंगा आईफोन बताया जा रहा है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 3 लाख रुपये है, जबकि टॉप मॉडल की कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये तक पहुंचती है।

इतनी महंगी कीमत होने के बावजूद शुरुआती इस्तेमाल में ही स्क्रीन खराब होने की शिकायतें सामने आने से फोन की मजबूती और फोल्डेबल डिस्प्ले की टिकाऊपन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब कंपनी के सामने प्रभावित डिवाइस को बदलने के साथ ग्राहकों का भरोसा बनाए रखने की चुनौती होगी।