मॉर्निंग वॉक से लौट रहे बुजुर्ग दंपती को कार ने मारी टक्कर, महिला ड्राइवर गिरफ्तार

दिल्ली। नई दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में मॉर्निंग वॉक से घर लौट रहे बुजुर्ग दंपती को तेज रफ्तार क्रेटा कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि 79 वर्षीय दयानंद तंगरा और उनकी 71 वर्षीय पत्नी कुसुम तंगरा हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शुक्रवार सुबह करीब 8:46 बजे आर्य समाज मंदिर के पास हुई। पुलिस ने शनिवार को आरोपी महिला ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें बुजुर्ग दंपती सड़क पर चलते नजर आ रहे हैं। कुसुम वॉकिंग स्टिक के सहारे चल रही थीं। इसी दौरान ग्रे रंग की क्रेटा पीछे से आई और दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कुसुम बिजली के खंभे के पास जा गिरीं, जबकि दयानंद कुछ फीट दूर सड़क पर जा गिरे।

हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। महिला ड्राइवर 49 वर्षीय नवलीन कौर भी कार से बाहर आईं और घायल दयानंद को देखा। हालांकि, करीब 30 सेकेंड के भीतर वह कार लेकर मौके से फरार हो गईं। पुलिस ने क्रेटा को जब्त कर लिया है। आरोपी नवलीन कौर गृहिणी हैं।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत लापरवाही से वाहन चलाने और लोगों की जान या सुरक्षा को खतरे में डालने का मामला दर्ज किया है।

दोनों का निजी अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में दयानंद के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि कुसुम के शरीर के पिछले हिस्से में चोट लगी है। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दयानंद जूते के सोल बनाने की फैक्ट्री चलाते हैं, जबकि कुसुम गृहिणी हैं। दंपती की दोनों बेटियां अपने परिवार के साथ अमेरिका में रहती हैं।