Dhamtari Fertilizer Action:धमतरी/रायपुर। खरीफ सीजन (Kharif Season) के दौरान किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए धमतरी (Dhamtari) जिले का कृषि विभाग पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि खाद की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या अनियमित बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी कड़ी में जिलेभर में चलाए जा रहे औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) के दौरान भारी गड़बड़ी पाए जाने पर एक उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि कई अन्य केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
औचक निरीक्षण में खुली पोल
उप संचालक कृषि, उर्वरक, बीज एवं कीटनाशी निरीक्षकों सहित विभागीय अधिकारियों की एक विशेष टीम जिले के धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी विकासखंडों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इस दौरान निजी और सहकारी विक्रय केंद्रों की बारीकी से जांच की जा रही है।
- लाइसेंस सस्पेंड: निरीक्षण के दौरान भखारा स्थित मेसर्स लक्ष्मी ट्रेडर्स में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यहां निर्धारित मात्रा से अधिक उर्वरक बेचने और एक भूमिहीन व्यक्ति को उर्वरक देने की पुष्टि होने के बाद, कृषि विभाग ने इस दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित (License Suspended) कर दिया है।
इन 5 दुकानों को थमाया गया नोटिस
कृषि विभाग की टीम ने गड़बड़ी की आशंका और अनियमितताओं के चलते जिले की पांच अन्य दुकानों को भी कारण बताओ नोटिस (Show-cause Notice) जारी कर जवाब तलब किया है:
- मेसर्स काप केयर एण्ड ट्रेडिंग, झिरिया
- पारस कृषि केन्द्र, सोनामगर
- कर्मा ट्रेडर्स, सेमरा
- कृष्णा फर्टिलाईजर, कुरूद
- राज कृषि केन्द्र, नगरी
कृषि विभाग का स्पष्ट कहना है कि यदि इन केंद्रों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से कृषि विभाग की अपील
उर्वरक की उपलब्धता और बिक्री व्यवस्था पर लगातार नजर रख रहे विभाग ने किसानों से भी विशेष अपील की है:
तुरंत करें शिकायत: यदि कोई विक्रेता उर्वरकों की गुणवत्ता से समझौता करता है, कालाबाजारी करता है या अधिक कीमत वसूलता है, तो इसकी शिकायत नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय में तुरंत दर्ज कराएं।
बिल जरूर लें: उर्वरक हमेशा निर्धारित मूल्य पर ही खरीदें और खरीदारी के बाद पक्का बिल (Purchase Bill) अनिवार्य रूप से लें।
विकल्प अपनाएं: डीएपी (DAP) की मांग को देखते हुए, इसके विकल्प के रूप में अन्य अनुशंसित उर्वरकों का भी उपयोग करें।
