53 किलो वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का बढ़ाया गौरव; बेटियों और युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
रायपुर। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है।
राजनांदगांव की रहने वाली ज्ञानेश्वरी ने महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उनकी उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
विश्व मंच पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी की यह सफलता सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की बेटी ने वैश्विक मंच पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से प्रदेश के युवाओं और खासकर बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
मेहनत और अनुशासन से हासिल की सफलता
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने साबित किया है कि प्रतिभा के साथ समर्पण, अनुशासन और लगातार मेहनत हो तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।
उनकी उपलब्धि प्रदेश के उन खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देख रहे हैं।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और आवश्यक प्रोत्साहन उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है।
सरकार का लक्ष्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आने वाले समय में भी देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।
