भारत में जल्द शुरू हो सकती है 10 और 20 रुपये के पॉलिमर नोटों की ट्रायल, कागजी नोट रहेंगे जारी

नई दिल्ली। भारत में जल्द ही 10 और 20 रुपये के पॉलिमर (प्लास्टिक) नोटों का ट्रायल शुरू हो सकता है। केंद्र सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मौजूदा कागजी नोटों को पूरी तरह बंद करने या उनकी जगह पॉलिमर नोट लागू करने की कोई योजना नहीं है।जानकारी के अनुसार, शुरुआती चरण में 10 और 20 रुपये के करीब एक-एक अरब पॉलिमर नोट फील्ड ट्रायल के लिए जारी किए जाएंगे। इन नोटों का विभिन्न मौसम और उपयोग की परिस्थितियों में परीक्षण किया जाएगा। ट्रायल के नतीजों के आधार पर आगे बड़े स्तर पर इन्हें जारी करने पर फैसला लिया जाएगा।

पॉलिमर नोट सामान्य कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ माने जाते हैं। ये पानी और गंदगी से कम प्रभावित होते हैं, जल्दी फटते नहीं हैं और इनमें उन्नत सुरक्षा फीचर होने के कारण नकली नोटों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है। दुनिया के कई देशों में पहले से ही पॉलिमर नोटों का इस्तेमाल किया जा रहा है।