लुधियाना। पंजाब के लुधियाना स्थित रखबाग में रविवार को मां-बेटी के सोशल मीडिया रील के लिए डांस करने पर निहंगों ने उन्हें रोक दिया। निहंगों ने पार्क में डांस करने और बेटी के स्लीवलेस कपड़े पहनने पर आपत्ति जताई। दोनों को फटकार लगाने के बाद उनसे वीडियो डिलीट करवाया गया। मां-बेटी के माफी मांगने पर निहंगों ने उन्हें चेतावनी देकर जाने दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मां-बेटी उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की रहने वाली हैं और हाल ही में पंजाब आई हैं। रविवार को वे रिश्तेदारों के साथ रखबाग घूमने पहुंची थीं। इसी दौरान बेटी ने स्लीवलेस टॉप और लहंगा पहन रखा था। दोनों सोशल मीडिया रील के लिए पार्क में डांस कर रही थीं।
निहंगों ने मोबाइल चेक किया
निहंग जत्थेबंदी के सदस्य कुलदीप सिंह खालसा अपने साथियों के साथ रखबाग पहुंचे थे। उन्होंने मां-बेटी को डांस करते देखा तो आपत्ति जताई। उनका कहना था कि पार्क घूमने, बैठने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए हैं, वहां इस तरह डांस और वीडियो बनाने की गतिविधियां नहीं होनी चाहिए।
निहंगों ने बेटी के कपड़ों पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसे कपड़ों में सोशल मीडिया पर वीडियो डालने से बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। उनकी तल्खी देखकर बेटी ने हाथ जोड़कर माफी मांगी और आगे ऐसा नहीं करने की बात कही। इसके बाद मां-बेटी ने बनाया गया वीडियो डिलीट कर दिया। निहंगों ने उनका मोबाइल भी चेक किया।
प्रेमी जोड़ों की शिकायत पर पहुंचे थे
कुलदीप सिंह खालसा के मुताबिक, उन्हें रखबाग में कुछ लोगों द्वारा अश्लील गतिविधियां किए जाने और प्रेमी जोड़ों के सार्वजनिक स्थान पर आपत्तिजनक व्यवहार की शिकायतें मिली थीं। इसी के बाद जत्थेबंदी ने पार्क में जाकर स्थिति देखने का फैसला किया।
निहंगों ने चेतावनी दी कि पार्क में ऐसी गतिविधियां दोबारा होने पर पुलिस में शिकायत की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में महिलाओं से जुड़े मामलों में महिला सदस्यों को साथ लाया जाएगा।
