दांबुला में इंडिया ए (India A) और श्रीलंका ए (Sri Lanka A) के बीच खेले जा रहे ट्राई नेशन वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में एक बेहद ही अजीब वाकया देखने को मिला है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ए ने 265 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। ऐसे में नियम के हिसाब से श्रीलंका को 266 रनों का लक्ष्य मिलना चाहिए था, लेकिन असल में ऐसा नहीं है।
श्रीलंका को जीत के लिए अब 266 नहीं, बल्कि सिर्फ 261 रन ही बनाने हैं। यह अनोखी स्थिति एक भारतीय खिलाड़ी की मैदान पर की गई गलती के कारण पैदा हुई है, जिसका खामियाजा पूरी टीम को पेनल्टी के रूप में भुगतना पड़ा।
विपराज निगम की गलती का टीम को हुआ भारी नुकसान
यह पूरा मामला भारतीय पारी के 37वें ओवर का है। जब श्रीलंका ए की ओर से गेंदबाजी की जा रही थी, तब भारतीय बल्लेबाज विपराज निगम रन लेने के लिए पिच के बीचों-बीच (डेंजर जोन) दौड़ पड़े।
- क्रिकेट के सख्त नियमों के अनुसार, पिच के डेंजर जोन (Middle of the pitch) में स्पाइक्स वाले जूतों के साथ दौड़ना मना है, क्योंकि इससे पिच को नुकसान पहुंचता है।
- कुछ ही ओवर पहले फील्ड अंपायर ने विपराज को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि वे डेंजर जोन से दूर रहकर रन दौड़ें।
- चेतावनी के बावजूद विपराज निगम ने इस गलती को दोहराया। इसके बाद अंपायर ने सख्ती दिखाते हुए टीम इंडिया ए पर 5 रनों की पेनल्टी लगा दी।
श्रीलंका की पारी 5/0 से हुई शुरू
पेनल्टी लगने के कारण भारत के स्कोर से कोई रन कम नहीं किया गया, बल्कि विपक्षी टीम के खाते में 5 रन जोड़ दिए गए। टीम इंडिया ने अपने सभी विकेट खोकर बोर्ड पर 265 रन लगाए थे। लेकिन पेनल्टी के चलते श्रीलंका की पारी बिना कोई गेंद खेले ही 5/0 के स्कोर से शुरू हुई। इस तरह श्रीलंका को 266 रनों के निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचने के लिए अब केवल 261 रनों की ही दरकार रह गई।
जब इंडिया ए को भी मिले थे 5 ‘फ्री’ रन
मैच का एक और दिलचस्प पहलू यह रहा कि इसी मुकाबले में टीम इंडिया ए को भी पेनल्टी के रूप में 5 रन मुफ्त में मिले थे।
- हेलमेट पर लगी गेंद: भारतीय पारी के 16वें ओवर में जब कुगाथस मथुलान गेंदबाजी कर रहे थे, तब उन्होंने एक वाइड गेंद फेंकी। यह गेंद विकेटकीपर को छकाते हुए सीधे उनके पीछे जमीन पर रखे हेलमेट पर जाकर लगी।
- क्या कहता है नियम: क्रिकेट के नियमों के अनुसार, यदि खेल के दौरान गेंद फील्डिंग कर रही टीम के किसी भी बाहरी ऑब्जेक्ट (जैसे जमीन पर रखा हेलमेट) से टकराती है, तो बल्लेबाजी करने वाली टीम को पेनल्टी के रूप में 5 रनों का रिवॉर्ड दिया जाता है। इस नियम के तहत भारत के खाते में 5 अतिरिक्त रन जुड़ गए थे।
