रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के भारत की आर्थिक विकास दर के अनुमान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत आर्थिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। IMF के अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2026 और 2027 में भारत की आर्थिक विकास दर 7% रहने की संभावना है, जबकि 2026 में वैश्विक विकास दर 3.1% रहने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत की विकास दर का यह अंतर देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती और वैश्विक चुनौतियों से निपटने की क्षमता को दर्शाता है। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में किए गए आर्थिक सुधारों, अधोसंरचना में निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार और विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने से देश की विकास यात्रा को गति मिली है।
विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्यमिता के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने से भी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ वैश्विक आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि तेज आर्थिक प्रगति वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प की दिशा में मजबूत कदम है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण की यात्रा आगे बढ़ रही है।
छत्तीसगढ़ में निवेश और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ भी अपनी भूमिका निभा रहा है। राज्य सरकार ‘विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़’ के ध्येय के अनुरूप निवेश, उद्योग, अधोसंरचना, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और विकास के अवसरों का विस्तार करना है।
